नेहरू सभागृह के सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे 2.19 करोड़, श्रम मंत्री ने किया भूमिपूजन

कोरबा, 20 मई 2025: कोरबा नगर निगम के नेहरू सभागृह को आधुनिक और सुविधायुक्त बनाने के लिए 2.19 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सोमवार को एक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के श्रम, उद्योग एवं खेल मंत्री लखनलाल देवांगन ने इस परियोजना का भूमिपूजन किया।

नगर निगम के अनुसार, सभागृह के उन्नयन के लिए 1 करोड़ 62 लाख 53 हजार रुपये की लागत से फर्नीचर, पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग और साउंड सिस्टम का विस्तार किया जाएगा। इसके अलावा, 56 लाख 75 हजार रुपये की लागत से सभागृह परिसर में लैंडस्केपिंग और संबंधित सिविल कार्य पूरे किए जाएंगे।

मंत्री श्री देवांगन ने इस अवसर पर कहा कि नेहरू सभागृह नगर निगम का एक महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां निर्वाचित जनप्रतिनिधि और पार्षद शहर के विकास और मूलभूत सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लेते हैं। उन्होंने कहा कि इस सभागृह का सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण निगम के कार्यों को और प्रभावी बनाएगा, जिससे शहर का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

कार्यक्रम में महापौर संजुदेवी राजपूत, सभापति नूतन सिंह ठाकुर, प्रभारी आयुक्त विनय मिश्रा, वरिष्ठ पार्षद अशोक चावलानी, नरेंद्र देवांगन, एमआईसी सदस्य ममता यादव, धनकुमारी गर्ग, अजय गोंड़, अजय कुमार चन्द्रा, सरोज शांडिल्य, भानुमति जायसवाल, फिरतराम साहू, उर्वशी राठौर, लक्ष्मण श्रीवास, पंकज देवांगन, सत्येंद्र दुबे, मंडल अध्यक्ष डॉ. राजेश राठौर, योगेश मिश्रा, आरिफ खान, अजय विश्वकर्मा, नरेंद्र पाटनवार सहित अन्य पार्षद और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।