कोरबा, 30 जनवरी 2026 – धान उपार्जन प्रक्रिया को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सक्रियता दिखाई। उन्होंने ग्राम नान पुलाली पहुंचकर किसान उमेंद सिंह सहित अन्य किसानों से सीधा संवाद किया और धान खरीदी तथा भुगतान प्रक्रिया की स्थिति जानी।
किसानों ने बताया कि उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया के तहत टोकन कटवाया था और बिना किसी परेशानी के अपना धान बेच पा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि उपार्जन केंद्रों पर केवल वास्तविक एवं पात्र किसानों से ही धान की खरीदी हो।
कलेक्टर दुदावत ने स्पष्ट किया कि खरीदी केंद्रों में लाए गए धान की अनिवार्य रूप से पलटी (पलटाई) कराकर ढेरी लगाई जाए तथा नमी की जांच के बाद ही खरीदी की प्रक्रिया पूरी हो। उन्होंने पुराने, अवमानक या अनुपयोगी धान की खरीदी पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने के आदेश दिए। साथ ही, किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी अधिकारी सतर्क एवं संवेदनशील रहकर कार्य करें।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, एसडीएम रोहित सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
कलेक्टर ने इस दौरान यह भी जोर दिया कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया में पारदर्शिता और किसान हित सर्वोपरि रहेगा।








