कोरबा-छुरीकला । छुरीकला नगर क्षेत्र से होकर बेधडक़ दौड़ रहे राखड़ परिवहन में लगे भारी वाहन परेशानी का कारण बने हुए हैं। मुख्य सडक़ के किनारे एक ट्रेलर पलटने से खेतों में खड़ी फसल राखड़ में दबने से किसानों को भारी नुकसान हो गया है।
क्षतिपूर्ति के नाम पर किसानों को दी जा रही राशि ऊंट के मुंह में जीरा के समान साबित हो रही है। बताया गया कि दो दिन पहले राखड़ बांध से ट्रेलर क्रमांक सीजी 04 एनएक्स 7691 भी राखड़ ले कर कटघोरा की ओर निकला था कि छुरी के समीप कसीबहरा नाला के पास उक्त ट्रेलर खेत में पलटने से राखड़ खेत में बिखरने से धान की फसल चौपट हो गई।
बारिश होने से राखड़ पानी के साथ बहकर खेतों में फैलने से किसान महावीर कंवर को बड़ा नुकसान हुआ है जिसकी क्षतिपूर्ति मात्र 18 हजार रूपये प्रबंधन द्वारा उक्त किसान को दिया गया है जो कि ऊंट के मुंह में जीरा के समान है।
क्षेत्र के किसानों का कहना है इस तरह से आये दिन राखड़ मुख्य सडक़ पर गिरना आम बात हो गई है, यह राखड़ उडक़र या बह कर उपजाऊ कृषि भूमि में पहुंच रही है और खेत बंजर होने लगे हैं। जगह-जगह राखड़ डंपिंग किये जाने से बारिश के पानी में बहकर फैलना तथा सूखे दिनों में राखड़ का उडऩा लोगों के लिए मुसीबत बन गया है।








