विद्युत झालरों व दीयों की रोशनी के मध्य देर रात तक हुई आतिशबाजी

ऊर्जाधानी में धूमधाम से मनी दीपावली, भाईदूज आज

कोरबा। हिन्दू धर्मावलंबियों का सबसे बड़ा और प्रमुख त्यौहार दीपावली गुरुवार को धूमधाम से मनाया गया। विद्युत झालरों और दीयों की रोशनी के मध्य आतिशबाजियां गूंजती रही। बच्चों से लेकर बूढ़ों तक में त्यौहार का उत्साह नजर आया। शनिवार को गोवर्धन पूजा मनाई गई।


ऊर्जाधानी में दीपावली का त्यौहार मनाने के लिए हर आयु वर्ग के लोगों द्वारा अपने-अपने स्तर पर खरीददारी और तैयारियां की गई। बच्चों को रंगोली और आतिशबाजी खूब भाई। महिलाओं ने एक से बढक़र एक पकवान और मिठाईयां तैयार की तो बाजार में भी इनकी खरीददारी होती रही। बड़ी दीपावली पर घरों को सजाया गया। घरों व प्रतिष्ठानों के सामने गोबर लीपकर आकर्षक रंगोलियां बनाई गई जो देखते ही बनती थी।

घरों-घर एवं दुकानों, प्रतिष्ठानों, संस्थानों में महालक्ष्मी, गणेश, सरस्वती और कुबेर की पूजा-अर्चना विधि-विधान से की गई। नए खाताबही शुरू किए गए।

ऊर्जाधानी रोशनी से नहाए हुए नजर आई, वहीं जगमगाते दीए की रोशनी लुभाती रही। पर्यावरणीय और प्रदूषण नियंत्रण को दरकिनार कर आधी रात तक पटाखे फोड़े जाते रहे। शनिवार के दिन गोवर्धन पूजा की गई।


मां काली पूजा का हुआ आयोजन   
कोरबा यंगमेन एसोसिएशन के द्वारा इस वर्ष भी दीपावली की रात पुराना बस स्टैंड पूजा पंडाल में मां काली की प्रतिमा स्थापित कर पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। राजेश चक्रवर्ती के नेतृत्व में नगरजनों के सहयोग से यहां आयोजन संपन्न हुआ।

माता का दर्शन करने देर रात तक श्रद्धालु यहां पहुंचते रहे। खिचड़ी और खीर प्रसाद का वितरण भक्तों को किया गया। एसईसीएल कोरबा क्षेत्र के काली बाड़ी में भी मां काली की पूजा-अर्चना विधि-विधान से की गई।