खदान में विस्फोटक लाने-ले जाने को लेकर हुई कार्यशाला

कोरबा। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में डीजीएमएस, बिलासपुर क्षेत्र-एक के संरक्षण में विस्फोटक हैंडलिंग पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य खदानों में विस्फोटकों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग के बारे में जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षा उपायों की मजबूती सुनिश्चित करना था।


कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई। इसमें एमके सिन्हा, निदेशक खान सुरक्षा (माइनिंग), बिलासपुर क्षेत्र -1 और बी बद्रु, उप निदेशक खान सुरक्षा (माइनिंग), बिलासपुर क्षेत्र-1 सहित अन्य पदाधिकारियों ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गेवरा के महाप्रबंधक एसके महंती ने इससे लाभ लेने की अपील किया।

बी बद्रु ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए खनन उद्योग में विस्फोटकों के सुरक्षित उपयोग की विधियों और उनकी जरूरतों पर चर्चा की। कार्यशाला में विभिन्न विशेषज्ञों ने पीपीटी के जरिए महत्वपूर्ण जानकारियां साझा किया। इसमें खनन क्षेत्र में विस्फोटकों के उपयोग से जुड़े विभिन्न सुरक्षा प्रोटोकॉल, तकनीकी पहलू और जोखिम प्रबंधन की विस्तार से चर्चा की गई।

उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों को सुरक्षा नियमों और प्रक्रियाओं को बेहतर तरीके से समझने में मदद की। एमके सिन्हा ने सभी प्रतिभागियों को विस्फोटक सुरक्षा के महत्व और इसके सही उपयोग पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी।

उन्होंने कार्यशाला की सफलता के लिए इसके आयोजन की सराहना की और सुरक्षा जागरूकता को बढ़ाने के महत्व पर जोर दिया।

यह कार्यशाला खनन क्षेत्र में सुरक्षा मानकों को सुदृढ़ करने और खनन कर्मचारियों की क्षमता को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।