रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ाए आरआई व पटवारी

कोरबा। एंटी करप्शन ब्यूरो ने कोरबा जिले में बड़ी कार्यवाही करते हुए एक आरआई व पटवारी को रिश्वत लेते रंगे हाथों को गिरफ्तार किया है।

आरआई व पटवारी द्वारा जमीन की रजिस्ट्री के पूर्व सीमांकन कराने के एवज में 15 हजार रुपए रिश्वत की मांग की गई थी। मोलभाव के दौरान 13 हजार रुपए में सौदा तय किया गया है। प्रार्थी द्वारा मामले की शिकायत एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में की गई जिस पर दोनों को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।


जानकारी के मुताबिक बांकीमोंगरा निवासी संजय दिवाकर द्वारा एन्टी करप्शन ब्यूरो, बिलासपुर में शिकायत की गई थी कि उसके द्वारा ग्राम जमनीपाली में भूमि खरीदने के लिये भूमिस्वामी शत्रुघन राव से सौदा तय हुआ। जिसकी रजिस्ट्री पूर्व सीमांकन हेतु उसके द्वारा आवेदन किया गया है।

अगली कार्यवाही हेतु प्रार्थी द्वारा राजस्व निरीक्षक जमनीपाली अश्वनी राठौर से मुलाकात करने पर उसके द्वारा संपूर्ण कार्यवाही हेतु 15,000 रुपए रिश्वत की मांग की गई तथा पटवारी जमनीपाली धीरेन्द्र लाटा को पैसे देकर सीमांकन की अगली कार्यवाही करने के लिये कहा गया। शिकायत सत्यापन दौरान पटवारी धीरेन्द्र लाटा द्वारा मोलभाव कर 13,000 रुपए में सौदा तय कर प्रार्थी से 5,000 रुपए ले लिये गये।

सत्यापन पश्चात् 20 नवंबर को ट्रेप आयोजित कर आरोपी पटवारी धीरेन्द्र लाटा एवं राजस्व निरीक्षक अश्वनी राठौर को रिश्वती रकम की अगली किश्त 8,000 रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ा गया।

आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर उनके निवास स्थानों की तलाशी भी ली जा रही है। प्रकरण में आरोपियों के विरुद्ध धारा 7 एवं 12 पीसीएक्ट 1988 के प्रावधानों के तहत् अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।