केवी में दादा-दादी, नाना-नानी ने खूब रंग जमाया

कोरबा। पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 में शुक्रवार को दादा-दादी दिवस का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्या श्रीमती मीनाक्षी शर्मा और बच्चों के दादा दादी द्वारा दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुआ। इस अवसर पर बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

नन्हे-मुन्ने बच्चों ने कविताएं सुनाईं और मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किए, जिससे दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। कक्षा पांचवी ब की छात्रा मनसा कुमारी ने सुंदर कविता सुनाई ,तो कक्षा पांचवी अ की छात्रा लक्षिता ने हमारे जीवन में दादा दादी के महत्व को बताया।

विद्यालय के छात्रों ने नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से यह संदेश दिया कि बुजुर्ग परिवार का आधार हैं और उनकी सेवा व सम्मान हमारा कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेल और प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें दादा-दादी ने बच्चों के साथ भाग लिया।

दादा-दादी ने अपने अनुभव साझा किए और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या श्रीमती मीनाक्षी शर्मा, श्रीमती एस्थर कुमार व संगीत शिक्षिका श्रीमती ईश्वरी ने सभी का आभार व्यक्त किया।