कमिश्नर ने अजगरबहार में स्कूल, आश्रम व आंगनबाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण

संभागायुक्त ने विद्यार्थियों से पूछा सवाल…छत्तीसगढ़ का राज्यपाल कौन है?

कोरबा । जिले के प्रवास पर आए बिलासपुर संभागायुक्त महादेव कांवरे ने शनिवार को अजगरबहार में आंगनबाड़ी, आश्रम और स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक शाला से लेकर हायर सेकंडरी कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान, अंग्रेजी और गणित विषय से संबंधित सवाल पूछे।

विद्यार्थियों द्वारा सवालों का सही उत्तर दिए जाने से खुश संभागायुक्त श्री कांवरे ने विद्यार्थियों को आगे बढऩे और अच्छे से पढ़ाई कर अपने माता-पिता स्कूल का नाम रौशन करने की प्रेरणा दी, साथ ही खुशी-खुशी बच्चों को प्रोत्साहित करने हेतु सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को सौ-सौ रुपये इनाम के रुप में दिए।

उन्होंने अगली बार आने की बात कहते हुए सभी विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने और स्कूली किताब के साथ ही सामान्य ज्ञान की जानकारी भी रखने के लिए प्रेरित किया।

श्री कांवरे ने अजगरबहार में निर्माणाधीन तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों को मेन्यू के आधार पर भोजन और रेडी टू इट प्रदान करने हेतु निर्देशित किया।

इस दौरान कलेक्टर अजीत वसंत, सीईओ दिनेश कुमार नाग उपस्थित थे।


मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता को जांचा
श्री कांवरे ने विद्यालय में तैयार किए जा रहे मध्यान्ह भोजन का भी अवलोकन कर गुणवत्ता की जांच की एवं साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने जिला प्रशासन द्वारा विद्यालय में भोजन पकाने हेतु किए गए गैस सिलेण्डर व रिफलिंग की व्यवस्था की प्रशंसा करते हुए इस पहल की सराहना की।