सराफा कारोबारी की हत्या से दहशत, आईजी ने लिया जायजा, आदर्श विहार से डीडीएम रोड तक पहुंचा खोजी कुत्ता

कोरबा। वर्ष 2025 की शुरुआत होने के साथ कोरबा शहरी क्षेत्र में गंभीर किस्म की घटनाओं का ग्राफ बढऩे से पुलिस का सिरदर्द बढ़ा है वहीं लोग तनाव में हैं।

बस स्टैंड के नजदीक आदर्श विहार आवासीय परिसर में पिछली रात एक सराफा कारोबारी की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं बाहर खड़ी कार को लूटकर आरोपी फरार हो गए।

घटना की खबर मिलने पर पुलिस हरकत में आई। डॉग स्क्वायड ने भी यहां का जायजा लिया। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला ने इस मामले को लेकर स्थानीय अधिकारियों और नागरिकों से चर्चा की।

जांच-पड़ताल के लिए कई टीमें बनाई गई है।
एस.एस. प्लाजा में अमृता ज्वेलर्स का संचालन कर रहे गोपाल राय सोनी की रात्रि में लगभग 10 बजे उनके निवास पर घुसकर अराजक तत्वों ने हत्या कर दी। उनके शरीर पर चाकू से कई हमले किए गए। घर में गोपाल की बीमार पत्नी बिस्तर पर मौजूद थीं।

आरोपियों की संख्या दो बताई गई जिन्होंने न केवल इस घटना को अंजाम दिया बल्कि होटल ब्लू डायमंड के सामने मौजूद सोनी की क्रेटा कार को लूटकर फरार हो गए। इस घटना ने कई तरह के सवालों को जन्म दिया है और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिन्ह लगाए हैं।


इस घटना को लेकर जल्द ही आसपास में खबर फैल गई। शहर के पॉश इलाके में आदर्श विहार की गिनती होती है। जिस समय यह घटना हुई, इलाके में लोगों की आवाजाही औसत के आसपास थी। इस पर भी बिना किसी भय के आरोपी यहां पहुंचे और इस हैरतअंगेज घटना को अंजाम देकर चलते बने। डॉग स्क्वायड की मदद इस मामले की प्रारंभिक जांच-पड़ताल के लिए ली गई। पता चला कि आरोपी घटना स्थल से आदर्श विहार के भीतर से होते हुए डीडीएम स्कूल मुख्य मार्ग में बजरंगबली मंदिर की ओर पहुंचे और वहां से भाग खड़े हुए। इस आधार पर उनकी लोकेशन के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।


औद्योगिक नगर कोरबा के मुख्य क्षेत्र में हत्या और लूट की घटना ने कोरबा की पुलिस को सक्ते में ला दिया है। मामला चूंकि सराफा कारोबारी से जुड़ा हुआ था और व्यस्त क्षेत्र में घटना होने से स्थितियां बिगड़ सकती थी इसलिए उच्चाधिकारियों को इस बारे में फौरी तौर पर अवगत कराया गया।

खबर होने पर बिलासपुर आईजी संजीव शुक्ला सुबह ही घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने अधिकारियों के साथ मौका मुआयना किया मृतक गोपाल राय सोनी के परिजनों से आवश्यक जानकारी हासिल की।

आईजी संजीव शुक्ला ने बताया की पुलिस प्रशासन ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है और अपराधियों तक पहुंचने के लिए आवश्यक जांच और पूछताछ चल रही है।