दो दिवसीय राज्य स्तरीय मेंबरशिप ग्रोथ वर्कशॉप

जिलों के ग्रोथ स्ट्रेटजी प्लान को अंतिम रूप देने किया वर्कआउट

कोरबा। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, राष्ट्रीय मुख्यालय नई दिल्ली के 10 मिलियन मेंबरशिप के लक्ष्य में सहभागिता के लिए छत्तीसगढ़ राज्य भी तैयार हो चुका है। दो दिवसीय मेंबरशिप ग्रोथ वर्कशॉप में जिला एवं ब्लॉकवार टारगेट सेट कर स्ट्रेटजी प्लान को अंतिम रूप देने वर्कआउट किया गया। 
भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ राज्य मुख्यालय, रायपुर द्वारा इंडस पब्लिक स्कूल में दीपका, कोरबा में जिला संगठन आयुक्तों के लिए दो दिवसीय मेंबरशिप ग्रोथ वर्कशॉप का आयोजन किया गया।

राज्य मुख्य आयुक्त डा. सोमनाथ यादव के दिशा निर्देश पर आयोजित वर्कशॉप में राज्य मुख्यालय के पदाधिकारियां तथा कुछेक जिलों से जिला सचिव, जिला संयुक्त सचिव एवं स्काउटर, गाइडर भी सम्मिलित हुए। इंटीग्रेशन सेशन कोरबा जिले की सीनियर रेंजर्स टीम ने पूरा किया। एक्सपेक्टेशन एवं ऑब्जेक्टिव सेशन एएलटी गाइड केप्टीन एवं ग्रोथ फेसिलिटेटर पुष्पा शांडिल्य द्वारा लिया गया।

कार्यशाला के मूल विषय ग्रोथ क्या है, इसकी आवश्यकता क्यों है और हमें क्यों आगे बढऩा है, उदाहरण के साथ इसकी जानकरी स्टेट कोऑर्डिनेटर मोहम्मद सादिक शेख ने दी। स्टेट कोऑर्डिनेटर श्री शेख ने ग्रोथ से संबंधित सात इंग्रेडिएंट को विस्तार से बताया। इस दौरान प्रतिभागियों ने कोरिलेशन एक्सराइज के तहत जिले के मेंबरशिप के लक्ष्य को ब्लॉकवार विभाजित किया तथा 2026 के लिए टारगेट सेट किया। प्रतिभागियों को डिस्ट्रिक्ट ग्रोथ स्ट्रेटजी प्लान कैसे तैयार किया जाना है, इसकी जानकारी दी।

राज्य सचिव कैलाश सोनी ने स्काउटिंग में स्टेक होल्डर्स क्या है, इसकी विस्तार से जानकारी दी। श्री सोनी ने जिलों को ग्रोथ के लिए किस तरह से कार्य योजना तैयार की जानी है इसके बारे में बताया। राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) शैलेन्द्र मिश्रा ने बेसिक कोर्स और इससे जुड़े महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर फोकस किया।

राज्य संगठन आयुक्त (स्काउट) विजय यादव एवं राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पाण्डेय ने भी प्रतिभागियों को मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में लगभग 80 प्रतिभागी सम्मिलित हुए।