गेवरा खदान में हैवी ब्लास्टिंग से ग्रामीणों में दहशत

कोरबा-भिलाईबाजार। एसईसीएल गेवरा खदान में हैवी ब्लास्टिंग कम होने का नाम नहीं ले रहा है। प्रतिदिन दोपहर को हैवी ब्लास्टिंग की जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा लगता है कि कहीं घर ही न गिर जाए। खदान के मुहाने में भिलाईबाजार हाई स्कूल और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र संचालित है।

उसके बाद भी एसईसीएल गेवरा प्रबंधन ब्लास्टिंग को कम नहीं कर रहा है। अनेक बार स्कूल के प्राचार्य एसईसीएल गेवरा प्रबंधन को ब्लास्टिंग कम करने पत्र लिख चुके हैं। गांव वाले भी एसईसीएल गेवरा के अधिकारियों को पत्राचार, मौखिक रूप से बोल चुके हैं। उसके बाद भी खदान में ब्लास्टिंग कम नहीं हो रहा है।

मंगलवार की दोपहर गेवरा के हैवी ब्लास्टिंग के कारण भिलाईबाजार के घर के दीवाल का टाइल्स भरभरा कर गिर गया। जिस कारण मकान मालिक को काफी नुकसान हुआ। जब ग्रामीणों ने कहा कि कई बार शिकायत की जा चुकी है।

इसके बाद भी एसईसीएल गेवरा के अधिकारियों को कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। खदान से महज चंद कदम दूर भिलाईबाजार स्कूल है। सैकड़ों बच्चे और शिक्षक जान जोखिम में डाल कर पढ़ाई कर रहे हैं।

एसईसीएल प्रबंधन को इन बच्चों की जान की कोई परवाह नहीं है। मकान मालिक ने फोन से हैवी ब्लास्टिंग की जानकारी एसईसीएल के अधिकारी को दी तो उन्होंने हैवी ब्लास्टिंग की जानकारी नहीं होने की बात कही। मकान मालिक के अनुसार संबंधित से पूछने पर उन्होंने अधिकारियों से ब्लास्टिंग बारे जानकारी लेने की बात कही।