हरदीबाजार। ग्रामीण अंचल में आधुनिक संस्कार युक्त शिक्षा प्रदत्त करने को कृत संकल्पित आर्यन पब्लिक हायर सेकंडरी स्कूल हरदी बाजार में वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में सनातन संघर्ष समिति के जिला संयोजक अजय कुमार दुबे उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था के संरक्षक सेवा निवृत्त फारेस्ट आफिसर कृष्ण मुनी ने की। इस अवसर पर अंचल में विविध क्षेत्रों में प्रशंसनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
ब्रह्मानंद राठौर को शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य के लिए स्व. प्रमोद कुमार दुबे स्मृति शिक्षा सम्मान प्रदत्त किया गया। जबकि जैविक कृषि के क्षेत्र में सराहनीय कार्य करने वाले विनोद कंवर को स्व.श्रीमती संतोष दुबे स्मृति सम्मान से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा अर्चना एवं वंदना से किया गया। तत्पश्चात रानी अहिल्याबाई होलकर की 350 वीं जयंती पर संस्था की प्राचार्य श्रीमती मंजू अजय दुबे ने प्रकाश डालते हुए उनके जीवन एवं महिला सशक्तिकरण पर किये गये उनके प्रयासों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर संस्था की छात्राओं ने रानी अहिल्याबाई होलकर के चरित्र पर मनमोहक प्रस्तुति दी ।
कार्यक्रम को मुख्य अतिथि अजय कुमार दुबे ने संबोधित करते हुए कहा कि आर्यन पब्लिक स्कूल संस्कार के साथ साथ आधुनिक शिक्षा प्रदत्त वाली संस्था है। सभी छात्रों की राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका तय होनी चाहिए ,चाहे वे जिस भी क्षेत्र में कार्य कर रहे हों।
नन्हे -मुन्हें बच्चों की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया। रात्रि 10 बजे तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रम में 2000 से अधिक पालकों एवं ग्रामीणों ने कार्यक्रम का आनंद लिया।
मंच का सफल संचालन स्वागत नायक ने किया। जबकि कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था की प्राचार्य श्रीमती मंजू अजय दुबे, श्रीमती अतोषी बनर्जी, श्रीमती गोदावरी देवांगन, श्रीमती रेवती यादव, यशोदा पाटले, श्रीमती रेणु चक्रवर्ती, श्रीमती पूजा महंत ,झरोखा शांडिल्य,कु लक्ष्मी पटेल,कु.रोशनी,कु सुधा,कु रौशनी,कु प्रतिमा,कु महिमा, मुस्कान आदि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।