स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों को अंतिम रूप दें प्रतिष्ठान : आयुक्त

कोरबा :आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने निगम क्षेत्र में स्थित समस्त सार्वजनिक व औद्योगिक प्रतिष्ठानों से कहा है कि चूंकि जल्द ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 का आगाज होने जा रहा है, अत: वे स्वच्छ सर्वेक्षण की चेकलिस्ट के अनुसार समस्त आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप देना सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि आंतरिक निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को तत्काल दूर करें, व्यवस्थाओं को अपग्रेड करें व निर्धारित मानदण्डों के अनुरूप अपशिष्ट का प्रबंधन हों, एनजीटी की गाईड लाईन के अनुसार व्यवस्थाएं बनाई जाए, यह अंतिम रूप से सुनिश्चित कराएं।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के मद्देनजर निगम के मुख्य प्रशासनिक भवन साकेत स्थित सभाकक्ष में समस्त प्रतिष्ठानों यथा एनटीपीसी, एसईसीएल, सीएसईबी व बालको प्रबंधन के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक ली। उन्होंने प्रतिष्ठानों से कहा कि आप बल्क वेस्ट जनरेटर हैं तथा निर्धारित मानदण्डों के अनुरूप साफ-सफाई कार्य एवं अपशिष्ट का समुचित प्रबंधन आपकी महती जिम्मेदारी है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में कोरबा को सम्मानजनक रैकिंग मिले तथा हमारा कोरबा स्वच्छता के क्षेत्र में प्रदेश व देश में अपनी विशिष्ट पहचान कायम करें, इसके लिए सभी की सहभागिता आवश्यक है। बैठक के दौरान निगम के स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 की विभिन्न तैयारियों व आवश्यक गतिविधियों के क्रियान्वयन से जुड़े कार्यो की चेकलिस्ट की जानकारी उपस्थित अधिकारियों को दी। बैठक के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता एके शर्मा, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी सहित प्रतिष्ठानों व निगम के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।