NSUI अध्यक्ष मनमोहन राठौर ने उठाई छात्रों की आवाज, हरदी बाजार कॉलेज में 137 छात्रों के फेल होने पर जांच की मांग

कोरबा, 23 मई 2025: कोरबा जिले के शासकीय ग्राम भवन महाविद्यालय हरदी बाजार में प्रथम वर्ष के रसायन शास्त्र विषय में 142 में से केवल 5 छात्रों के पास होने और 137 छात्रों को 0 या 1-2 अंक मिलने से छात्रों में आक्रोश व्याप्त है। इस मामले को लेकर NSUI जिला अध्यक्ष मनमोहन राठौर ने छात्र हित में कड़ा रुख अपनाते हुए पुनर्मूल्यांकन और सघन जांच की मांग की है।

मनमोहन ने बताया कि हरदी बाजार कॉलेज के अधिकांश छात्र-छात्राएं ग्रामीण क्षेत्रों से हैं और गरीब, मजदूर, व किसान परिवारों से आते हैं। उनके साथ हुए इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग की है कि बिना किसी शुल्क के पेपरों की दोबारा जांच की जाए ताकि छात्रों को न्याय मिल सके।

इस मुद्दे को मनमोहन ने कोरबा लोकसभा की सांसद ज्योत्सना चरण दास महंत के समक्ष भी उठाया है। सांसद ने इस मामले में सघन जांच और छात्रों को न्याय दिलाने के लिए पत्र लिखा है। इसके अलावा, मनमोहन ने कोरबा और बिलासपुर के कलेक्टर को पत्र लिखकर मामले की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 8 दिनों के भीतर छात्रों को न्याय नहीं मिला, तो वे अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, बिलासपुर का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।