कलेक्टर ने की शिक्षा विभाग की समीक्षा, शाला प्रवेशोत्सव की तैयारियों के दिए निर्देश

कोरबा, 15 जून 2025: कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नए शिक्षण सत्र 2025-26 के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शाला प्रवेशोत्सव की तैयारियों की जानकारी लेते हुए सभी स्कूलों में 16 जून से पहले साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनबाड़ी से पहली बार स्कूल में प्रवेश लेने वाले बच्चों को शाला प्रवेशोत्सव के दौरान जाति प्रमाण पत्र वितरित करने का निर्देश दिया। साथ ही, 1 जुलाई से स्कूलों में नाश्ता वितरण शुरू करने और इसके लिए गैस सिलेंडर व अन्य व्यवस्थाओं के नए प्रस्ताव तैयार करने की बात कही। कलेक्टर ने रसोईयों के मानदेय में वृद्धि करते हुए इस सत्र से 1000 रुपये प्रतिमाह देने की घोषणा की।

बैठक में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने हाईकोर्ट के आदेशानुसार याचिका संबंधी सभी प्रकरणों का निरीक्षण कर समिति से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिक्षकों के अभ्यावेदन की पुन: जांच कर प्रकरणों का समाधान करने को भी कहा।

कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर देते हुए सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों को प्राइमरी, मिडिल और हाई स्कूलों में बच्चों की संख्या, विषयवार शिक्षकों की नियुक्ति और रिक्त पदों की सूची जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि अतिथि शिक्षकों की व्यवस्था की जा सके। उन्होंने पिछले सत्र (2024-25) के बोर्ड और अन्य कक्षाओं के परीक्षा परिणामों की समीक्षा की और कमजोर परिणाम वाले स्कूलों में सुधार के लिए विशेष प्रयास करने को कहा।

रायपुर के एलेन कोचिंग संस्थान में नीट/जेईई की तैयारी कर रहे मेधावी छात्रों के स्कूल में समय पर प्रवेश और जिले के स्कूलों में बन रहे एस्ट्रॉनॉमी लैब के कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की अन्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनमें तेजी लाने को कहा।

बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिनेश नाग, जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय, जिला मिशन समन्वयक मनोज पांडे, सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारी और विभागीय कर्मचारी उपस्थित थे।