बिलासपुर, 18 जुलाई 2025: एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने कोरबा जिले में माध्यमिक शाला बेला के शिक्षक विनोद कुमार सांडे को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई प्राथमिक शाला बालको केसला के प्रधान पाठक रामायण पटेल की शिकायत पर की गई, जिन्होंने बताया कि विनोद उनकी पत्नी के ट्रांसफर के लिए रिश्वत मांग रहा था।
रामायण पटेल ने बताया कि उनकी पत्नी बेला के माध्यमिक शाला में शिक्षक हैं। विनोद कुमार सांडे ने डीईओ और बीईओ से परिचय का दावा करते हुए उनकी पत्नी का ट्रांसफर नजदीकी ओमपुर स्कूल में कराने के बदले दो लाख रुपये की मांग की थी। पटेल ने रिश्वत देने से इनकार कर एसीबी से संपर्क किया और आरोपी को पकड़वाने की इच्छा जताई।
एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद कोरबा में ट्रैप की योजना बनाई। गुरुवार को विनोद को पटेल के निवास पर दो लाख रुपये लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। रिश्वत की राशि जब्त कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की कार्रवाई जारी है।
एसीबी सूत्रों ने बताया कि भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसी कार्रवाइयां लगातार जारी रहेंगी। यह घटना छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का एक और उदाहरण है।








