नगर निगम के 79 लाख रुपये गबन प्रकरण में बैंक मैनेजर और सहयोगी गिरफ्तार


कोरबा। एक्सिस बैंक, कोरबा शाखा में संचालित नगर पालिक निगम के खाते से लाखों रुपये के गबन के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। वर्ष 2022-23 और 2023-24 में CMS (Case Management Services) के माध्यम से जमा की गई नकदी में हेराफेरी के आरोप में बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक मिश्रा और उनके सहयोगी प्रियांशु को गिरफ्तार किया गया है।

निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने खाते के रिकॉर्ड में गड़बड़ी पकड़ने के बाद मामले का खुलासा किया। जांच में सामने आया कि दोनों वित्तीय वर्षों में कुल 79,00,779 रुपये की राशि निगम के खाते में जमा नहीं की गई थी। इस संबंध में नगर निगम के सहायक लेखा अधिकारी प्रदीप कुमार ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 409 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

गौरतलब है कि नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा राजस्व वसूली से प्राप्त नकदी CMS के माध्यम से एक्सिस बैंक, पावर हाउस रोड शाखा में जमा कराई जाती है। लेकिन बैंक स्टेटमेंट और निगम के कैश पंजी में बड़े पैमाने पर अंतर पाया गया — वर्ष 2022-23 में 49,52,840 रुपये और 2023-24 में 29,47,939 रुपये।

निगम द्वारा नवंबर 2024 में बैंक को पत्र लिखकर अंतर की राशि और ब्याज जमा करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन पांच माह बाद भी राशि वापस नहीं की गई। पुलिस का मानना है कि शाखा प्रबंधक और कैशियर ने मिलीभगत से राशि का गबन किया है। अब दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है।