हार्डवेयर दुकानों में सेंधमारी, चोरों ने उड़ाए नकदी और सामान

कोरबा, 12 अगस्त 2025: कोरबा जिले के कोयलांचल क्षेत्र में चोरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। दो अलग-अलग दिनों में हुई चोरी की वारदातों में अज्ञात चोरों ने दो हार्डवेयर दुकानों को निशाना बनाया। बांकीमोंगरा और हरदी बाजार में हुई इन सेंधमारी की घटनाओं ने स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में दहशत फैला दी है।

हरदी बाजार में किशन ट्रेडर्स में चोरी

हरदी बाजार थाना क्षेत्र के BNG पब्लिक स्कूल के पास स्थित किशन ट्रेडर्स में 11-12 अगस्त की रात चोरों ने सेंधमारी की। दुकान के पीछे खेत की ओर से दीवार तोड़कर चोरों ने रेक की प्लाई को तोड़ा और रात 12:05 बजे दुकान में घुसे। CCTV फुटेज में दो नकाबपोश चोर दिखाई दिए, जिन्होंने गमछा लपेटकर अपनी पहचान छिपाई। करीब 15-20 मिनट में वारदात को अंजाम देकर चोर फरार हो गए।

दुकान संचालक लेख राम राठौर के अनुसार, चोरों ने गल्ले में रखे 1500 रुपये की नकदी, दो-तीन टाइल्स, लकड़ी काटने वाली कटर मशीन, पेंट मिक्स करने वाली ब्लोअर मशीन का मोबाइल और सॉफ्टवेयर, साथ ही काउंटर पर रखा बिल चुरा लिया। चोरों ने CCTV कैमरे का पता चलने पर उसका मुंह ऊपर की ओर मोड़ दिया ताकि उनकी हरकत रिकॉर्ड न हो।

बांकीमोंगरा में भी सेंधमारी

इससे पहले, 10-11 अगस्त की रात बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी पुल से 100 मीटर की दूरी पर मुख्य मार्ग पर स्थित चन्द्र हार्डवेयर में भी सेंधमारी हुई। अज्ञात चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया और रंग बनाने वाली ब्लोअर मशीन चुरा ली।

लगातार चोरियों से दहशत

हरदी बाजार थाना क्षेत्र में पिछले एक महीने में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। राधे मोबाइल, बजरंग चौक के संकट मोचन हनुमान मंदिर में दान पेटी की चोरी, और चेन स्नेचिंग की वारदातों के बाद यह नई घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि, पुलिस ने पिछली घटनाओं में कुछ आरोपियों को पकड़ा है, लेकिन लगातार चोरियों ने स्थानीय लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा कर दी है।

पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और CCTV फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश की जा रही है। व्यापारियों ने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।