शराब दुकान के बाद पूर्व खेल अधिकारी के घर चोरी, कार भी ले उड़े चोर

कोरबा, 18 अगस्त 2025: कोरबा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर चोरी की दूसरी बड़ी वारदात ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है। शराब दुकान में सेंधमारी के बाद अब कमला नेहरू महाविद्यालय के पूर्व खेल अधिकारी एसके शर्मा के घर को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने सुभाष चौक से कुछ ही दूरी पर स्थित एमआईजी 53, फेस 2, आरपी में उनके घर का ताला तोड़कर चोरी की और आंगन में खड़ी कार भी ले उड़े।

यह दूसरी बार है जब एसके शर्मा के घर को चोरों ने निशाना बनाया है। इससे पहले भी उनके घर में ताला तोड़कर चोरी की कोशिश हुई थी, लेकिन तब चोर सामान नहीं ले जा सके थे। इस बार चोरों ने न केवल घर में सेंध लगाई, बल्कि कार भी चुरा ली। पड़ोसियों ने टूटा हुआ मुख्य गेट देखकर तुरंत 112 और सिविल लाइन थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस के अनुसार, मकान मालिक एसके शर्मा वर्तमान में त्योहार के लिए हैदराबाद अपने गृहग्राम गए हुए हैं। उन्हें फोन पर घटना की जानकारी दी गई, जिसके बाद वे कोरबा के लिए रवाना हो गए। शर्मा ने बताया कि घर में रखे सामान की चोरी का सटीक आकलन उनके लौटने के बाद ही हो सकेगा।

सुभाष चौक के नजदीक होने और पुलिस की नियमित गश्त के बावजूद इस तरह की वारदात ने स्थानीय लोगों में गुस्सा पैदा किया है। लोग पुलिस पेट्रोलिंग की प्रभावशीलता पर सवाल उठा रहे हैं। सिविल लाइन थाना में पदस्थ सब इंस्पेक्टर सुमन पोया ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, और उनके आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

क्षेत्र में लगातार हो रही चोरियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोग पुलिस से सतर्कता बढ़ाने और चोरों को जल्द पकड़ने की मांग कर रहे हैं।