सर्वमंगला पुल के पास दो ट्रकों की भीषण टक्कर, चालक घायल

कोरबा। कोरबा-कुसमुंडा मुख्य मार्ग पर सर्वमंगला पुल के निकट बीती रात दो ट्रकों के बीच आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में दोनों ट्रकों के केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, और चालकों को गंभीर चोटें आईं। सर्वमंगला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घायल चालकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार रात करीब 11 बजे सर्वमंगला चौकी के प्रवेश द्वार के ठीक सामने हुआ। एक ट्रेलर (सीजी 10 बीओ 0487) राताखार की ओर से आ रहा था, जबकि दूसरी हाइवा ट्रक (सीजी 11 बीई 6201) कुसमुंडा से कोरबा की ओर जा रही थी। सर्वमंगला पुल से ठीक पहले दोनों ट्रकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिससे दोनों चालकों को गंभीर चोटें आईं।

पुलिस के अनुसार, हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार, पुल के पास जर्जर सड़क, और कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर रात के समय अंधेरा होना बताया जा रहा है। हादसे के बाद सर्वमंगला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इस घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और सड़क की स्थिति पर सवाल खड़े किए हैं।