कोरबा। मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत दादर से लगे डिपरापारा मुख्य मार्ग पर नगर निगम और राजस्व विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सरकारी जमीन पर बने अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान 10 मकानों पर बुलडोजर चला, जबकि 9 कब्जाधारियों को दो दिन का समय दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, करीब 3 एकड़ शासकीय भूमि को जमीन दलालों ने रजिस्ट्री की बताकर कई लोगों को बेच डाला। शिकायत कलेक्टर तक पहुंचने के बाद एसडीएम के आदेश पर यह कार्रवाई की गई। आरोप है कि लक्ष्मण लहरे, सीताराम चौहान और राजू सिमोन ने 1 एकड़ भूमि के प्लॉट काटकर 50 रुपये के स्टांप पर करोड़ों रुपये में बेच दिए।
कार्रवाई के दौरान कब्जाधारियों ने विरोध भी किया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के आगे उन्हें पीछे हटना पड़ा। पीड़ितों का कहना है कि उन्हें जमीन बेचने वालों ने भरोसा दिलाया था कि उनका मकान कभी नहीं टूटेगा। अब वे कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहे हैं।
निगम तोडू दस्ता प्रभारी विमल सिंह गोयल ने बताया कि कब्जाधारियों को पहले ही नोटिस जारी किया गया था, बावजूद इसके कब्जा नहीं हटाया गया, इसलिए यह कार्रवाई करनी पड़ी। कार्रवाई में नायब तहसीलदार, पटवारी, नगर निगम टीम और भारी पुलिस बल मौजूद रहा।








