पीएम ग्रामीण सड़क पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक की मांग


कोरबा, ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन को सुगम बनाने के लिए निर्मित प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क पर भारी वाहनों के चलने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भिलाईबाजार के निवासी प्रदीप जायसवाल ने कलेक्टर के जनदर्शन में इस मुद्दे को उठाते हुए भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने अधिकारियों को सड़क पर भारी वाहनों के आवागमन की तस्वीरें भी सौंपीं, ताकि तथ्यों की पुष्टि हो सके।
जायसवाल ने बताया कि रसूखदारों के भारी वाहन इस सड़क पर लगातार चल रहे हैं, जिससे सड़क क्षतिग्रस्त हो रही है और आवासीय क्षेत्र में समस्याएं बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में कई बार पत्राचार और फोन के माध्यम से शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं हुआ। जायसवाल ने जोर देकर कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष रूप से कार्रवाई होनी चाहिए, बिना किसी भेदभाव के।