कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पुरानी कहावत “जाको राखे साइयां, मार सके न कोय, बाल न बांका कर सके जो जग बैरी होय” को पूरी तरह चरितार्थ कर दिया। इन हादसों में तीन बाइक सवार भारी वाहनों की चपेट में आने के बावजूद चमत्कारिक रूप से बाल-बाल बच गए। हेलमेट और समय पर ब्रेक लगने की वजह से बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल सभी घायलों की हालत स्थिर है।
दर्री मार्ग पर ट्रेलर की चपेट में आए दो बाइक सवार
बालको थाना क्षेत्र के दर्री मुख्य मार्ग पर डेम चौक के पास सुबह एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने मोपेड सवार मछली विक्रेता और एक अन्य बाइक सवार को टक्कर मार दी। मोपेड सवार ट्रेलर के पहियों के ठीक नीचे जा गिरा और उसकी मोपेड भी वाहन के नीचे फंस गई। गनीमत रही कि वह पहियों के बीच में गिरा, जिससे उसकी जान बच गई।
दूसरे बाइक सवार ने हेलमेट पहना हुआ था। टक्कर से वह दूर जा गिरा, लेकिन हेलमेट की वजह से सिर पर गंभीर चोट नहीं लगी। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जुट गई और राहगीरों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
कनकी में बोरवेल वाहन से टक्कर, ब्रेक ने बचाई जान
उरगा थाना क्षेत्र के कनकी के पास दूसरा हादसा हुआ। पतोरा निवासी एक युवक कोरबा से काम निपटाकर बाइक से घर लौट रहा था। तभी बोरवेल वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक वाहन के पहियों के नीचे आ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। युवक भी वाहन के नीचे आ गया, लेकिन चालक ने तुरंत ब्रेक लगा दिया, जिससे उसकी जान बच गई। हेलमेट की वजह से सिर सुरक्षित रहा।
सूचना पर उरगा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भिजवाया। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
हादसों ने फिर याद दिलाई सड़क सुरक्षा की अहमियत
ये दोनों घटनाएं सड़क सुरक्षा और हेलमेट की उपयोगिता को रेखांकित करती हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से तेज रफ्तार से बचने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। ऐसे हादसे बताते हैं कि सावधानी और सुरक्षा उपकरण कितनी जानें बचा सकते हैं।








