कोरबा, 05 जनवरी 2026: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रामपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक फूल सिंह राठिया के प्रतिनिधि जयकिशन पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। उन पर रजगामार पुलिस चौकी के अंदर एक आरक्षक के साथ गाली-गलौच और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।
घटना 31 दिसंबर 2025 की रात की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, आरक्षक विकास कोसले (क्रमांक 528, थाना करतला में पदस्थ) अपने फुफेरे भाई राजेंद्र जांगड़े के साथ ओमपुर में हुई मारपीट और जातिगत अपमान की शिकायत दर्ज कराने रजगामार पुलिस चौकी पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान जयकिशन पटेल चौकी में पहुंचे और दोनों के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट की। शिकायत में शराब के नशे में जान से मारने की धमकी देने का भी जिक्र है।
आरक्षक विकास कोसले की शिकायत पर जयकिशन पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया गया। वहीं, राजेंद्र जांगड़े की रिपोर्ट पर इन्हीं धाराओं के साथ एससी/एसटी एट्रोसिटी एक्ट के तहत भी अपराध पंजीबद्ध हुआ। आजाक थाना पुलिस ने आरोपी जयकिशन पटेल को गिरफ्तार कर कोर्ट के आदेश पर जेल भेज दिया।
दूसरी तरफ, जयकिशन पटेल ने भी पलटवार करते हुए आरक्षक विकास कोसले और राजेंद्र जांगड़े के खिलाफ मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने की काउंटर शिकायत दर्ज कराई है। इस पर दोनों के खिलाफ BNS की धारा 115(2), 3(5) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद की बात सामने आ रही है, जिसकी वजह से यह घटना हुई। जिले में इस मामले ने राजनीतिक हलचल मचा दी है।








