कोरबा। जिले के मानिकपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में 4 साल के मासूम बच्चे की कुएं में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब बच्चा अपने दोस्तों के साथ कुएं में नहाने गया था।
मृतक बच्चे की पहचान प्रशांत यादव के रूप में हुई है, जो दादर बस्ती के दामाद मोहल्ले में अपने माता-पिता के साथ रहता था। जानकारी के अनुसार, दादर पीएम आवास के सामने स्थित करीब 9 फीट गहरे कुएं में दोपहर के समय कुछ बच्चे नहाने लगे थे। उन्हें देखकर प्रशांत भी कुएं में उतरा, लेकिन गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह डूबने लगा।
प्रशांत को डूबता देख बाकी बच्चे घबरा गए और मौके से भागकर परिजनों को सूचना दी। जब तक परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीणों ने बच्चे को कुएं से बाहर निकाला और उसे बचाने का प्रयास किया, पेट दबाकर मुंह से पानी निकालने की कोशिश की गई, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। इस दौरान मासूम की मां शव से लिपटकर रोती नजर आई, जिससे माहौल गमगीन हो गया।
बताया जा रहा है कि प्रशांत के पिता सावन यादव राजमिस्त्री हैं और घटना के समय पत्नी प्रतिमा यादव के साथ काम पर गए थे, जबकि बहन प्रभा यादव स्कूल गई हुई थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह कुआं अक्सर बस्ती के लोग नहाने के लिए उपयोग करते हैं और प्रशांत पहले भी अपनी दादी के साथ यहां नहा चुका था।
मानिकपुर चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने बताया कि बच्चे की मौत डूबने से हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।








