कोरबा, 14 जनवरी 2026: कोरबा जिले के सरहदी क्षेत्र मदनपुर में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना ने दो परिवारों को सूना कर दिया। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।
घटना आज सुबह करीब 4 बजे बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत मोरगा चौकी के पास हुई। जानकारी के अनुसार, बिलासपुर से विश्रामपुर स्थित तातापानी महोत्सव में शामिल होने के लिए निकली एक कार (क्रमांक CG 10 BF 1673) अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। गिरते ही वाहन में भीषण आग लग गई, जिससे कार में सवार दोनों लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतकों की पहचान गोपाल चंद्र डे (42 वर्ष), पिता मानिक चंद्र डे और अरुण सेन (36 वर्ष), पिता बनारसी लाल सेन के रूप में हुई है। दोनों बिलासपुर शहर के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरी खुर्द के निवासी थे।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को भी हादसे की सूचना दे दी है।
प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि मोरगा पुलिस ने मर्ग कायम कर सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
यह घटना एक बार फिर सड़क हादसों के बढ़ते खतरे की ओर इशारा करती है, खासकर लंबी दूरी की यात्राओं में सावधानी बरतने की जरूरत पर जोर देती है।








