कोरबा-चांपा मार्ग पर तेज़ ट्रेलर ने तोड़ी दोहरी रेलिंग, चालक फरार


कोरबा, 19 जनवरी 2026: कोरबा-चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पहंदा के पास रविवार रात एक बड़ा सड़क हादसा बाल-बाल टल गया। चांपा से कोरबा की ओर आ रही ट्रेलर (क्रमांक CG 10 BX 5376) तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अनियंत्रित हो गई। ट्रेलर विपरीत दिशा में चली गई और पहले सड़क के बीचों-बीच लगी लोहे की रेलिंग को तोड़ा, फिर किनारे बनी कंक्रीट की सुरक्षा रेलिंग को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटनास्थल से महज 100 मीटर की दूरी पर रिहायशी इलाका होने के कारण यदि ट्रेलर आगे बढ़ती तो बड़ा हादसा हो सकता था। सौभाग्य से वाहन सड़क पर ही रुक गया। हादसा रात में होने के कारण तत्काल किसी को जानकारी नहीं मिली। सुबह ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त ट्रेलर को सड़क पर खड़ा पाया, लेकिन चालक मौके से फरार हो चुका था।
घटना में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, भारी वाहनों की तेज रफ्तार और चालकों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग इस मार्ग पर लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को लेकर चिंतित हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।