रंगारंग प्रस्तुति के साथ राज्योत्सव का हुआ आगाज

विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़ : लखनलाल

कोरबा। उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम में राज्योत्सव का शुभारंभ करते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में अनेक योजनाएं साकार रूप लेकर लोगों को लाभान्वित कर रही है। उन्होंने राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी की भूमिका को याद करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना से गांव शहर से जुड़ गया है।


मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि प्रदेश में अब डबल इंजन की सरकार है। प्रधानमंत्री की गारंटी को प्रदेश में पूरा किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनते ही प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास हेतु राशि जारी की गई है। किसानों से 3100 रूपए प्रति क्विंटल की दर से और 21 क्विंटल प्रति एकड़ के मान से धान की खरीदी की गारंटी को पूरा करते हुए सरकार ने 145 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की।

किसानों को दो वर्ष के बकाया बोनस के रूप में 3,716 करोड़ रूपए का भुगतान किया गया। महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महतारी वंदन योजना संचालित की जा रही है। कार्यक्रम में उपस्थित विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय लगातार विकास के कार्य कर रहे हैं। वे छत्तीसगढ़ के लोगों को आगे बढ़ाने की दिशा में काम करते हुए योजनाएं बना रहे हैं। प्रदेश में गरीब, श्रमिक, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए योजनाएं चलाई जा रहीं है।

कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिवकला कंवर और कलेक्टर अजीत वसंत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर सभापति श्याम सुंदर सोनी, पार्षद सुखसागर निर्मलकर, नरेंद्र देवांगन, पूर्व विधायक श्याम लाल कंवर, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, डीएफओ अरविंद पीएम, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग आदि उपस्थित थे।


विभागीय स्टॉल का किया अवलोकन
राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों द्वारा सभी स्टॉल का अवलोकन किया गया और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी तथा गतिविधियों को देखा।

उन्होंने राज्योत्सव स्थल पर सजाए गए रंगोली एवं छत्तीसगढ़ के मानचित्र के साथ जलाए गए दीप का भी अवलोकन किया।


सुनील सोनी सहित अन्य कलाकारों ने दी प्रस्तुति
राज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हुई। स्थानीय कलाकारों के साथ ही छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी, अंतरराष्ट्रीय कथक कलाकार सुश्री प्रीति चंद्रा, अश्विक साव द्वारा कथक, पार्थ यादव द्वारा तबला, अनीश म्यूजिक़ल ग्रुप द्वारा सुगम संगीत प्रस्तुति दी गई।