राज्योत्सव में लोगों को मिली शासकीय योजनाओं की जानकारी
कोरबा। घंटाघर में आयोजित राज्योत्सव में शासकीय विभागों के द्वारा शासकीय योजनाओं के स्टॉल तथा विकासात्मक कार्यों की आकर्षक झांकी लगाई, जहां पर आम नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी प्रदाय की गई। कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने सभी विभागीय स्टॉल व झांकियों का अवलोकन कर विकास कार्यों की जानकारी ली एवं उत्साहवर्धन किया।
कृषि विकास एवं किसान कल्याण तथा जैव प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा कृषि यंत्र ट्रेक्टर, हार्वेस्टर, ड्रोन स्प्रे, शाकंभरी योजना के तहत पंप, सुगंधित चावल, गेहूं, ऑर्गेनिक कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन द्वारा विभाग में संचालित कृषि यांत्रिकीकरण सब्मिशन योजनांतर्गत ग्राम मातमार निवासी सुख सागर राठिया तथा केराकछार निवासी खुलेप्रसाद राठिया को ट्रेक्टर प्रदाय किया गया। जिसमें कृषक अंशदान 5,01,372 एवं प्रत्येक हितग्राही को 05 लाख का अनुदान शामिल है।
इसी प्रकार नकटीखार के श्री अगुस्टीन, पसरखेत के तीजराम को पॉवर रिपर सहित अन्य कृषकों को अनेक कृषि यंत्र प्रदान किया गया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा राष्ट्रीय आजीविका मिशन अंतर्गत स्वा सहायता महिला समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न उपयोगी उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि, सक्षम आंगनवाड़ी, सुपोषण वाटिका, रेडी टू इट का प्रदर्शन करके स्वास्थ्य,सुपोषण और शिक्षा का सन्देश दिया।
साउथ ईस्टर्न कोल लिमिटेड कंपनी के द्वारा बगदेवा भूमिगत खदान पवन ऊर्जा तथा ऑटोमेटिक वॉटर स्प्रेइंग सिस्टम का आकर्षक मॉडल प्रदर्शित किया।
बालको ने नई किरण परियोजना और उड़ान के तहत विभिन्न खाद्य उत्पाद चावल, मूर्तियां, साज सज्जा आदि सामग्री का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही एनटीपीसी ने भी कृत्रिम अंग वितरण का स्टॉल लगा कर लोगों को जागरूक और लाभान्वित किया।








