एक-एक वार्ड में हो रहे लाखों के विकास कार्य : उद्योग मंत्री
कोरबा। प्रगतिपथ पर कोरबा विधानसभा के विकास कार्य तेज रफ्तार से हो रहे हैं, ये विष्णु के सुशासन की सरकार का ही परिणाम है कि अब एक-एक वार्ड में 50 लाख से एक करोड़ तक के कार्य एक साथ प्रारंभ हो रहे हैं। अभी तो सरकार को एक साल ही हुए हैं, आने वाले 4 वर्षों में वार्डों को सारी समस्याओं से मुक्त और सुविधाओं से परिपूर्ण करने के लक्ष्य लेकर हम काम कर रहे हैं।
उक्त बातें वाणिज्य, उद्योग व श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 32 डिंगापुर में आयोजित चार वार्डों में होने वाले 1.11 करोड़ के 12 विकास कार्यों के भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि के आसंदी से कही।
इस अवसर पर मंत्री श्री देवांगन ने भूमिपूजन कर शिलापट्टिका का अनावरण किया। मंत्री श्री देवांगन ने कहा कि विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत के बाद एक ही प्रयास रहा है कि किस तरह वार्डो और मोहल्लों को विकास हो। जिस तेज रफ्तार से कोरबा शहर बढ़ रहा है उसी रफ़्तार से विकास करने पर भी जोर दिया जा रहा है। महिलाओं ने मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि जिन कार्यों की लंबे समय से मांग थी वह अब जाकर पूरी हो रही है।
इस अवसर पर पार्षद अजय गोंड, नारायण दास महंत, सुकुंदी यादव, पीलूराम साहू, सुमन सोनी, पूर्व पार्षद दिनेश वैष्णव सहित अन्य उपस्थित थे।
इन कार्यों की रखी आधारशिला
वार्ड 29 पोड़ीबहार में सीसी रोड निर्माण कार्य लागत 10 लाख, वॉर्ड 31 दादर बांसवाडी के सामने सामुदायिक भवन 10 लाख, वॉर्ड 31 हाउसिंग बोर्ड कालोनी में सांस्कृतिक मंच 5 लाख, वार्ड 32 सतनाम नगर बस्ती में सामुदायिक भवन 10 लाख, वॉर्ड 33 रामपुर बस्ती में सीसी रोड 10 लाख, वार्ड 33 में नाली निर्माण 5 लाख, वार्ड 32 डिंगापुर 1, डिंगापुर 2, रिस्दी 1 में क्रमश: 12-12 लाख की लागत से तीन आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण, वार्ड 31 दामाद मोहल्ला दादरखुर्द में सीसी रोड निर्माण 10 लाख, वॉर्ड 32 डिंगापुर संस्कार स्कूल के सामने सामुदायिक भवन 10 लाख, वार्ड 32 रिस्दी बाजार के पास मुक्तिधाम निर्माण 5 लाख, कुल 1 करोड़ 11 लाख के विकास कार्यों की आधारशिला रखी गई।








