समय सीमा की बैठक में कलेक्टर ने की विभागीय कार्यों की समीक्षा

कोई भी पात्र व्यक्ति आयुष्मान कार्य योजना से वंचित न हो : कलेक्टर

कोरबा। कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में मंगलवार को समय सीमा की बैठक आयोजित हुई। उन्होंने विभागीय कार्यो एवं शासकीय योजनाओं के कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रगति लाने एवं समय सीमा के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।


कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने जिले में धान खरीदी प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि धान खरीदी की प्रक्रिया अनवरत बिना किसी व्यवधान के चलती रहे। उन्होंने खरीदी केंद्र में शासन के नियमों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण धान खरीदी कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को संवेदनशील धान खरीदी केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने जिले में अभियान चलाकर 70 साल एवं इससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों का वयवंदन योजना अंतर्गत आयुष्मान कार्ड बनाने कार्य में गम्भीरता से प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी पात्र व्यक्ति इस योजना से वंचित न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।

बैठक में कलेक्टर ने विद्युतविहीन ग्रामों, मजरा टोला, बसाहटों में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था हेतु विभाग द्वारा किए जा रहे सर्वे कार्य को भी शीघ्रता से पूर्ण कर प्रस्ताव प्रस्तुत करने के लिए कहा। कलेक्टर ने 15 साल पुरानी सरकारी वाहनों के स्क्रैप प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए सभी विभाग प्रमुखों को निर्धारित समयावधि में एमएसटीसी पोर्टल में वाहनों की एंट्री कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही वाहन नीलामी प्रकिया पूर्ण कर विभागाध्यक्ष से नए वाहन की मांग हेतु पत्र प्रेषित करने की बात कही।

बैठक में वनमंडलाधिकारी कटघोरा कुमार निशांत, निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर मनोज बंजारे, सभी एसडीएम, सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।