कोरबा। निगम आयुक्त (प्रभारी कलेक्टर) आशुतोष पाण्डेय ने आदर्श आचरण संहिता का पालन कराने पुलिस प्रशासन एवं निगम अमले के साथ सोमवार को रात्रि 9 बजे शहर का मैराथन दौरा किया। उन्होंने सम्पत्ति विरूपण एवं शहर की सडक़ों से फ्लैक्स बैनर हटाने की निगम प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यवाही का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस मौके पर नवपदस्थ आईपीएस अधिकारी रविन्द्र मीणा एवं एसडीएम सरोज कुमार महिलांगे भी उनके साथ थे।
नगरीय निर्वाचन एवं त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर 20 जनवरी से प्रभावशील हो चुकी आदर्श आचरण संहिता के तहत निगम प्रशासन द्वारा नगर निगम क्षेत्र में सम्पत्ति विरूपण के विरूद्ध कार्यवाही तत्काल प्रारंभ कर दी गई थी।
सोमवार की रात्रि आयुक्त ने पुलिस प्रशासन व निगम अमले के साथ शहर का दौरा कर की गई कार्यवाही का सघन रूप से जायजा लिया। उन्होंने तानसेन चौक, शास्त्री चौक, सुभाष चौक, घंटाघर, महाराणा प्रताप चौक, सीएसईबी चौक, टी.पी.नगर पावर हाउस रोड, कोरबा पुराने शहर होते हुए सीतामणी गौमाता चौक तक के मुख्य मार्ग का भ्रमण करते हुए सम्पत्ति विरूपण कार्यवाही के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश अधिकारियों को दिए।
आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने विभिन्न विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस जारी कर आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के चौबीस घंटे के अंदर निगम क्षेत्र में लगाए गए होर्डिंग्स विज्ञापन प्रदर्शन, फ्लैक्स बैनर हटाने के निर्देश दिए।
इस मौके पर निगम के अपर आयुक्त विनय मिश्रा, कार्यपालन अभियंता अखिलेश शुक्ला, भूषण उरांव, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.संजय तिवारी, सहायक अभियंता विपिन मिश्रा, राहुल मिश्रा, एस.सी.सोनी, गोयल सिंह विमल, सोमनाथ डेहरे, राजस्व निरीक्षक प्रिंस सिंह आदि उपस्थित थे।
विश्रामगृह में राजनीतिक उद्देश्य से नहीं ठहर सकेंगे
नगरीय निकाय आम निर्वाचन त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन 2025 की आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील होने के कारण 20 जनवरी से निर्वाचन की समाप्ति तक जिला अंतर्गत नगर निगम, नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत के ऐसे क्षेत्र जहॉं निर्वाचन सम्पन्न होना हैं, कोई भी राजनीतिक दल के व्यक्ति, मंत्रीगण, सार्वजनिक उपक्रमों के पदाधिकारी आदि शासकीय अथवा अद्र्धशासकीय विश्राम भवनों, सर्किंट हाउस, गेस्ट हाउस आदि में चुनाव प्रचार प्रसार अथवा राजनैतिक उद्देश्य से न तो ठहर सकेंगे और न ही वहॉं पर राजनैतिक गतिविधियॉं कर सकेंगे।








