नगरीय निकाय चुनाव से पहले भाजपा ने मनाया जश्न

कोहडिय़ा से कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी ने नामांकन लिया वापस

कोरबा। नगर पालिक निगम क्षेत्रांतर्गत कोहडिय़ा वार्ड क्रमांक 18 में भाजपा प्रत्याशी नरेंद्र देवांगन ने अपनी सरलता व कार्य के प्रति निष्ठा से एक नई मिसाल पेश की है। कांग्रेस के प्रत्याशी हरीश कुमार ने नरेंद्र देवांगन के पक्ष में अपना नामांकन वापस ले लिया, जिसके बाद भाजपा ने नरेन्द्र देवांगन की जीत का जश्न मना रही है।

इसी तरह कटघोरा नगर पालिका परिषद के दो वार्डों में भाजपा जीत का जश्न मना रही है। कटघोरा में वार्ड 13 में भाजपा प्रत्याशी का एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ है जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ने नामांकन दाखिल ही नहीं किया। वहीं वार्ड 18 में कांग्रेस ने बुधवार को नामांकन वापस ले लिया है।

पिछले नगर निगम चुनाव में नरेंद्र देवांगन ने 550 वोटों से जीत हासिल की थी और तब से वे वार्ड के लोगों के बीच एक मजबूत विश्वास बना चुके हैं। कांग्रेस के प्रत्याशी हरीश कुमार ने नरेंद्र देवांगन की ईमानदारी और समर्पण को देखकर यह निर्णय लिया। इस प्रकार कोहडिय़ा वार्ड क्रमांक 18 में नरेंद्र देवांगन की निर्विरोध जीत के लिए भाजपा खेमे में चुनाव से पहले ही जश्न का माहौल बना हुआ है।

भाजपा प्रत्याशी नरेन्द्र देवांगन श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के भाई हैं। कांग्रेस प्रत्याशी के नाम वापस लेते ही भाजपाईयों ने जश्न मनाया। रिटर्निंग ऑफिसर रोहित सिंह के अनुसार 31 जनवरी तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी और नियमानुसार इसका इंतजार करना होगा। आधिकारिक घोषणा 15 फरवरी को मतगणना के दिन की जाएगी।


इसी तरह कटघोरा में नगरीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने अध्यक्ष पद पर आत्मा नारायण पटेल को उतारा है। वहीं कांग्रेस खेमे में बगावत की स्थिति है, जहां कोमल जायसवाल ने पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी के खिलाफ नामांकन दाखिल किया है।

वार्ड 13 जुराली से भाजपा प्रत्याशी शिवमती नीतू पटेल का एकमात्र नामांकन दाखिल हुआ है जबकि कांग्रेस की घोषित प्रत्याशी सीता पटेल ने नामांकन ही नहीं भरा। बता दें कि जुराली वार्ड में दोनों प्रत्याशियों के बीच मामा-भांजी का रिश्ता है। सीता पटेल ने राजनीति के बजाय पारिवारिक रिश्तो को प्राथमिकता दी और नामांकन दाखिल नहीं किया। इस स्थिति में भाजपा प्रत्याशी का निर्विरोध पार्षद निर्वाचित होना तय माना जा रहा है।