कॉफी प्वाइंट में तोड़फोड़, असामाजिक तत्वों ने मचाया उत्पात, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

कोरबा-बालकोनगर, 14 जून 2025: कोरबा जिले के वन मंडल अंतर्गत ग्राम पंचायत दूधी टांगर में पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो रहे कॉफी प्वाइंट पर असामाजिक तत्वों ने गुरुवार-शुक्रवार की मध्य रात को तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया। इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है, और स्थल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, मध्य रात करीब 2 बजे कुछ नशेड़ी बाइक सवारों ने कॉफी प्वाइंट पर पहुंचकर दरवाजे, खिड़कियां और छत पर मौजूद फर्नीचर को तोड़ दिया। जब वहां कार्यरत कर्मचारी सरवन यादव ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थल अब देर रात तक असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का अड्डा बनता जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह बालको थाने में शिकायत दर्ज की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक अभिनवकांत सिंह के निर्देश पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

सुरक्षा व्यवस्था की कमी उजागर

कॉफी प्वाइंट में असामाजिक गतिविधियां कोई नई बात नहीं हैं। देर शाम और रात को संदिग्ध व्यक्तियों और जोड़ों का जमावड़ा आम हो गया है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने वन विभाग से इस स्थल पर स्थायी परिसर रक्षक और पर्याप्त संख्या में वन सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग की है। उनका कहना है कि सुरक्षा के अभाव में यह पर्यटन स्थल असुरक्षित होता जा रहा है।

वन विभाग से अपेक्षा की जा रही है कि वह कॉफी प्वाइंट की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए ताकि पर्यटकों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इस घटना ने एक बार फिर प्रशासन और वन विभाग की लचर व्यवस्था को उजागर कर दिया है।