कोरबा, 22 जून 2025: कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र में सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे इमलीडुग्गू कुम्हार मोहल्ला में जमीन विवाद का गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय निवासी विनोद कुमार और उनके 24 वर्षीय बेटे परवीन साहू ने दावा किया कि उन्होंने उक्त जमीन 70,000 रुपये में खरीदी थी, जिसका स्टांप भी उनके पास मौजूद है।
सीतामढ़ी रेस्ट हाउस के पीछे रहने वाले मनोज चौहान, पिंटू चौहान और बिट्टू चौहान ने अपने साथियों के साथ जेसीबी मशीन लेकर इस जमीन पर बुलडोजर चलाया। जब परवीन ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई। आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मनोज चौहान, पिंटू चौहान और बिट्टू चौहान के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले की शिकायत कोरबा एसपी तक भी पहुंचाई गई है। गौ माता चौक के आसपास के इस क्षेत्र में बेजा कब्जे को लेकर आए दिन विवाद हो रहे हैं।
मारपीट की यह घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।








