कोरबा। एसईसीएल गेवरा खदान वर्कशॉप में शुक्रवार शाम 8 बजे डीजल चोरी की वारदात को सीआईएसएफ की क्यूआरटी टीम ने नाकाम कर दिया। वॉटर टैंकर (बीईएमएल, मशीन नंबर 210) से डीजल चोरी करते तीन एसईसीएल कर्मचारियों को रंगे हाथों पकड़ा गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जनरल मजदूर रामकृष्णा, फिटर सतीश कुमार जायसवाल और जनरल मजदूर गिरजा शंकर के रूप में हुई है।
सीआईएसएफ को पहले से ही डीजल चोरी की सूचना मिली थी कि कुछ लोग पाइप के जरिए वॉटर टैंकर से डीजल निकालकर जरीकेनों में भर रहे हैं। सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए क्यूआरटी टीम ने मौके पर घेराबंदी की और तीनों कर्मचारियों को पकड़ लिया। मौके से तीन जरीकेन बरामद किए गए, जिनमें एक में 10 लीटर, दूसरे में 35 लीटर डीजल भरा था, जबकि तीसरा जरीकेन खाली था। इसके अलावा, डीजल निकालने के औजार भी टैंकर से मिले।
सीआईएसएफ ने तीनों आरोपियों को दीपका थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने सीआईएसएफ की लिखित शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीआईएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि डीजल चोरी की सूचना पर टीम पहले से सतर्क थी और सही समय पर कार्रवाई कर आरोपियों को पकड़ा गया। इस घटना से गेवरा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। दीपका पुलिस आगे की कार्रवाई और जांच में जुटी है।








