कोरबा पुलिस का फरार वारंटियों पर शिकंजा, 101 अपराधी गिरफ्तार

कोरबा, 24 जून 2025: कोरबा जिले में फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ पुलिस ने ताबड़तोड़ अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले दो दिनों में पुलिस ने 101 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जिनमें 12 स्थाई और 89 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। इस कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लंबे समय से फरार वारंटियों की धरपकड़ के लिए जिले के सभी थानों को निर्देश दिए गए थे। अभियान के तहत थाना उरगा, कोतवाली, बालको, पाली, दर्री, करतला, हरदीबाजार, कुसमुंडा, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन रामपुर, कटघोरा, बांगो और पुलिस चौकी कोरबी, जटगा, मोरगा, मानिकपुर व सीएसईबी में तामिली की गई। थाना उरगा, बांकीमोंगरा और बालको ने सर्वाधिक वारंट तामिल किए।

पुलिस ने बताया कि इस अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा। अपराध और वारंटियों के खिलाफ यह धरपकड़ अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके।