ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार किशोर की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

कोरबा, 16 जुलाई 2025: हरदी बाजार चोढ़ा निवासी 17 वर्षीय गौरव पोर्ते की सोमवार रात 8:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। गौरव अपने 16 वर्षीय साथी विमल उर्रे के साथ बाइक से रेंकी-हरदी बाजार की ओर कपड़ा लेने जा रहा था। अंडीकछार टिनटिकिया के पास एक जॉन डियर ट्रैक्टर के चालक की लापरवाही के कारण दोनों बाइक सवार उसकी चपेट में आ गए।

हादसे में गौरव पोर्ते की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विमल उर्रे को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल हरदी थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की और ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। फरार चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने गौरव के शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घायल विमल का इलाज जारी है। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर है, और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।