ONC बार पर पुलिस की छापेमारी, दो सुरक्षाकर्मी गिरफ्तार, अवैध गतिविधियों पर सख्ती का ऐलान

कोरबा, 21 जुलाई 2025: कोरबा शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था और ONC बार में नशे व अय्याशी के वायरल वीडियो के बाद कोरबा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए देर रात ONC बार पर छापा मारा। इस दौरान दो सुरक्षाकर्मियों को गिरफ्तार किया गया, जिन पर सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन और नियमों के उल्लंघन का आरोप है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि ONC बार में देर रात तक शराब परोसी जा रही है और संदिग्ध गतिविधियाँ हो रही हैं। स्थानीय निवासियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर सीएसईबी चौकी पुलिस ने रात में बार और मॉल परिसर में दबिश दी। इस कार्रवाई में दो सुरक्षाकर्मियों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने छापेमारी के बाद रात 11 बजे से 1 बजे तक क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी और हर गतिविधि पर नजर रखी। वायरल वीडियो में कुछ युवक-युवतियों के नशे में झूमते हुए बार से निकलने की जानकारी के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि उनकी पहचान की जा सके।

सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अड्डों पर लगातार नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा, “आने वाले दिनों में रात की गश्त और जांच अभियान को और तेज किया जाएगा। कोरबा में अवैध गतिविधियों, नशे के अड्डों और अय्याशी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” ONC बार प्रबंधन को चेतावनी दी गई है कि नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई करते हुए लाइसेंस रद्द किया जा सकता है।

स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई पर संतोष जताया और उम्मीद व्यक्त की कि पुलिस की सख्ती से रात के समय क्षेत्र में शांति बनी रहेगी।