कोरबा, 23 जुलाई 2025: कलेक्टर अजीत वसंत की अध्यक्षता में इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (आईटी) कोरबा के सुचारू संचालन के लिए जिले के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर मनोज बंजारे, एनटीपीसी, सीएसईबी, बालको, एसईसीएल, अडानी इंडस्ट्रीज और आईटी कॉलेज के प्रतिनिधि शामिल हुए।
बैठक में आईटी कोरबा की वित्तीय स्थिति, चुनौतियों, संचालन आवश्यकताओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कलेक्टर ने बताया कि संस्थान गंभीर वित्तीय संकट का सामना कर रहा है, जिसके कारण कर्मचारियों के वेतन, संचालन खर्च और अन्य मूलभूत जरूरतों को पूरा करना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने सभी औद्योगिक उपक्रमों से इस संकट से उबारने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कलेक्टर ने बालको को चालू वित्तीय वर्ष में संस्थान को न्यूनतम 2 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए और इसके लिए बालको बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव रखकर स्वीकृति लेने को कहा। अन्य औद्योगिक इकाइयों को भी कॉलेज के संचालन में प्रत्यक्ष भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कलेक्टर ने सुझाव दिया कि यदि कोई उद्योग कॉलेज के संचालन में रुचि रखता है, तो वह औपचारिक स्वीकृति दे सकता है। साथ ही, उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप रोजगारोन्मुखी डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए प्रस्ताव पेश करने को कहा गया।
इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने सभी औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निर्देश दिया कि वे प्रतिवर्ष आईटी कॉलेज कोरबा के 10-10 छात्रों को प्लेसमेंट के माध्यम से अपने यहां नियोजित करें। इस संबंध में उद्योगों को अपने बोर्ड की बैठकों में एजेंडा शामिल कर सकारात्मक निर्णय लेने के लिए कहा गया।
यह कदम न केवल आईटी कॉलेज कोरबा को वित्तीय संकट से उबारने में मदद करेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान कर क्षेत्र के शैक्षणिक और औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा देगा।








