बालको ने शुरू की ‘क्वालिटी संकल्प’ पहल, शून्य दोष और उच्च गुणवत्ता पर जोर

बालकोनगर, 22 जुलाई 2025: वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपनी ‘शून्य दोष’ की प्रतिबद्धता को साकार करने के लिए ‘क्वालिटी संकल्प’ नामक एक गुणवत्ता परिवर्तन पहल की शुरुआत की है। इस मासिक आयोजन में 300 से अधिक कर्मचारियों और व्यावसायिक भागीदारों ने हिस्सा लिया, जिसका उद्देश्य संयंत्र में गुणवत्ता के प्रति साझी जिम्मेदारी की संस्कृति को बढ़ावा देना है।

‘क्वालिटी संकल्प’ पहल ‘स्टैंडर्ड वर्क = क्वालिटी वर्क’ की थीम पर आधारित है, जो मानकीकृत प्रक्रियाओं के माध्यम से उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर केंद्रित है। यह पहल व्यक्तिगत स्तर पर व्यवहारिक बदलाव को प्रोत्साहित करती है और गुणवत्ता से जुड़े कार्यों की शिक्षा, निगरानी और सुदृढ़ीकरण को बढ़ावा देती है। बालको में कच्चे माल के चयन से लेकर अंतिम उत्पाद निरीक्षण तक हर चरण में कठोर गुणवत्ता जांच की जाती है। कोक, पिच, एल्युमिना और एल्यूमिनियम फ्लोराइड जैसे कच्चे माल की रासायनिक और भौतिक जांच, पॉटलाइन में क्रायोलाइट अनुपात का नियंत्रण, और पिघले हुए एल्यूमिनियम की शुद्धता जांच जैसे कदम उत्पाद की विश्वसनीयता और पर्यावरणीय स्थायित्व को सुनिश्चित करते हैं।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा, “गुणवत्ता हमारे लिए केवल एक लक्ष्य नहीं, बल्कि हमारा कार्य करने का तरीका है। ‘क्वालिटी संकल्प’ के माध्यम से हम एक ऐसी संस्कृति विकसित कर रहे हैं जो व्यक्तिगत उत्तरदायित्व और सतत सुधार को बढ़ावा देती है। यह हमें धातु उद्योग में उच्च गुणवत्ता वाला एल्यूमिनियम निर्माता बनने में मदद करेगा।”

बालको सालभर ‘क्वालिटी नॉलेज बाइट्स’ और विश्व गुणवत्ता सप्ताह जैसे आयोजनों के माध्यम से गुणवत्ता जागरूकता को बढ़ावा देता है। कंपनी को एल्यूमिनियम स्टीवर्डशिप इनिशिएटिव (एएसआई), ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड्स (बीआईएस), और आईएसओ 9001:2015, 14001:2015, 45001:2018, 50001:2018, आईएसओ/आईईसी 17025:2017, और आईएटीएफ 16949:2016 जैसे प्रतिष्ठित प्रमाणपत्र प्राप्त हैं, जो इसकी गुणवत्ता, स्थायित्व और प्रचालन उत्कृष्टता को रेखांकित करते हैं।

यह पहल बालको को न केवल उद्योग में अग्रणी बनाएगी, बल्कि सस्टेनेबल और पर्यावरणीय रूप से जिम्मेदार संचालन को भी मजबूत करेगी।