कोरबा, 23 जुलाई 2025: कोरबा जिले के कनवेरी नहर रोड पर सावन सोमवार को कनकेश्वर धाम कनकी में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे श्रद्धालुओं को हथियार दिखाकर डराने-धमकाने के मामले में उरगा पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मानिकपुर चौकी क्षेत्र के खपरा भट्टा निवासी विकास शर्मा (22) और सिविल लाइन थाना क्षेत्र के चिमनी भट्टा निवासी राहुल यादव (21) के रूप में हुई है।
घटना के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने पिस्तौल और फरसानुमा तलवार के साथ श्रद्धालुओं को भयभीत किया था। इस हरकत से कई श्रद्धालु डर गए और कुछ ने अपनी कांवड़ यात्रा बीच में ही छोड़ दी। कुछ साहसी लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल किया और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। मेघनाथ यादव ने उरगा पुलिस थाने में इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें बताया गया कि डीजे की धुन पर फिल्मी गाने बज रहे थे और दो युवक हथियार लहराकर लोगों को डरा रहे थे।
उरगा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जांच शुरू की और विकास शर्मा व राहुल यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से पिस्तौल और तलवार बरामद किए, जिनका उपयोग श्रद्धालुओं को धमकाने में किया गया था। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजेश तिवारी, उप निरीक्षक अजय सोनवानी और पुलिस स्टाफ शामिल थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है और उनके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। साथ ही, उन्होंने मांग की है कि कनकेश्वर धाम जैसे धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए और कड़े इंतजाम किए जाएं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।








