हरदी बाजार में चोरों का आतंक: किराना दुकान से सोने का लॉकेट लूटा, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस जांच शुरू

हरदी बाजार, 6 अगस्त 2025: हरदी बाजार पुलिस थाना क्षेत्र के ग्राम उतरदा में रेलडबरी मुख्य मार्ग पर बुधवार दोपहर एक सनसनीखेज चोरी की घटना सामने आई। भागबली पटेल की किराना दुकान पर अकेली मौजूद कुंजमती पटेल से दो अज्ञात युवकों ने सोने का लॉकेट छीन लिया। घटना दोपहर करीब 12 बजे की है, जब मोटरसाइकिल सवार दो युवकों में से एक, सूट-बूट और काला चश्मा पहने, ग्राहक बनकर दुकान पर आया। उसने गुटखा मांगने के बहाने कुंजमती का ध्यान भटकाया और उनके गले से सोने का लॉकेट छीनकर हरदी बाजार की ओर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही हरदी बाजार पुलिस ने अज्ञात चोरों की तलाश शुरू कर दी। पीड़ितों ने घटना की जानकारी पुलिस को दो घंटे बाद दी और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराया। पुलिस अब सड़क किनारे की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सरहदी थाना-चौकियों को भी सूचित किया गया है।

हरदी बाजार थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। हाल ही में हनुमान मंदिर और बस स्टैंड पर एक मोबाइल शॉप में चोरी की वारदातें हुई थीं। इसके अलावा, साप्ताहिक बाजार में पॉकेटमारी की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इन वारदातों से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय निवासियों ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि इस तरह के अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ जांच में जुटी है।