कोरबा जेल ब्रेक: चार में से तीसरा फरार आरोपी दशरथ सिदार गिरफ्तार, चन्द्रशेखर राठिया की तलाश जारी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिला जेल से 2 अगस्त 2025 को 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हुए चार विचाराधीन कैदियों में से तीसरे आरोपी दशरथ सिदार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 19 वर्षीय दशरथ सिदार, पिता प्रताप सिंह सिदार, पोडीबहार नीचे मोहल्ला का निवासी, को बुधवार को कोरबा कोतवाली क्षेत्र से पकड़ा गया। इससे पहले मंगलवार को दो अन्य फरार कैदी, राजा कंवर और सरना सिंकू, रायगढ़ जिले से गिरफ्तार किए गए थे।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दशरथ सिदार कोरबा से बाहर भागने की योजना बना रहा था, लेकिन मुखबिर की सूचना और तकनीकी पतासाजी के आधार पर उसे शहर छोड़ने से पहले दबोच लिया गया। गिरफ्तारी की पुष्टि के लिए सीएसपी भूषण एक्का से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन संपर्क न हो पाने के कारण विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।

चौथे फरार आरोपी, 20 वर्षीय चन्द्रशेखर राठिया, पिता सुरज प्रसाद राठिया, कमतरा, थाना घरघोड़ा, जिला रायगढ़, की तलाश में पुलिस का सघन अभियान जारी है। पुलिस ने दावा किया है कि उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। चारों कैदी बलात्कार और पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामलों में विचाराधीन थे और जेल की गौशाला में काम करने की आड़ में भागने की योजना बनाकर फरार हुए थे।

इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। लापरवाही के आरोप में जेल अधीक्षक सहित तीन प्रहरियों को निलंबित किया जा चुका है। पुलिस ने फरार कैदियों की सूचना देने वालों के लिए 10,000 रुपये के इनाम की घोषणा भी की है। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है।