सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ट्रैफिक पुलिस की सख्त कार्रवाई, 2025 में 4.94 लाख रुपये का जुर्माना वसूला

कोरबा, 13 अगस्त 2025: कोरबा में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। असुरक्षित पार्किंग और नो पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर ट्रैफिक पुलिस ने इस साल 2025 में अब तक 1647 प्रकरण दर्ज किए और 4 लाख 94 हजार 100 रुपये का समन शुल्क वसूल किया।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन और ट्रैफिक डीएसपी डीके सिंह तथा निरीक्षक तेज कुमार यादव के मार्गदर्शन में एएसआई मनोज राठौर, रामनारायण रात्रे और मैदानी अमले ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। मेजर ध्यानचंद चौराहा, रुमगारा और सर्वमंगला चौराहे जैसे व्यस्त क्षेत्रों में सड़क किनारे असुरक्षित रूप से खड़े ट्रेलर वाहनों को लॉक किया गया और जुर्माना लगाया गया। इन क्षेत्रों में असुरक्षित पार्किंग के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसके अतिरिक्त, मालवाहक वाहनों पर सवारी बैठाने के लिए 2300 रुपये का समन शुल्क वसूला गया।

ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि नो पार्किंग में लापरवाही से वाहन खड़े करने जैसे कारण सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारक हैं, जिससे आम नागरिकों को जान-माल का नुकसान उठाना पड़ता है। पिछले कुछ महीनों में हुए सड़क हादसों की समीक्षा के आधार पर पुलिस ने इस दिशा में सख्त कदम उठाए हैं। पुलिस का कहना है कि वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में सड़क हादसों और उनसे होने वाली हानि में कमी आई है।

पुलिस का लक्ष्य शून्य दुर्घटना के साथ सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करना है। इसके लिए नियम-विरुद्ध पार्किंग और अन्य उल्लंघनों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें ताकि सड़क दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोका जा सके।