रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने गौवंश की सुरक्षा, संरक्षण और संवर्धन के लिए नई पहल करते हुए “गौधाम योजना” शुरू करने का फैसला किया है। इस योजना के तहत राज्य के प्रत्येक जिले में गौधाम स्थापित किए जाएंगे, जो पंजीकृत गौशालाओं से अलग होंगे।
गौधामों में अधिकतम 200 गाय-गौवंश रखने की व्यवस्था होगी। यहां चारा, पानी और अन्य सुविधाओं के साथ-साथ गायों की सेवा के लिए गौसेवक और चरवाहों की नियुक्ति की जाएगी। इनके वेतन के लिए वित्त विभाग से अनुमति मिल चुकी है।
सरकारी निर्देश के अनुसार, चरवाहा को प्रतिमाह ₹10,916 और गौसेवक को ₹13,126 वेतन दिया जाएगा। पशुधन विकास विभाग ने सभी जिलों के कलेक्टरों को गौधाम स्थापना और भर्ती प्रक्रिया के निर्देश जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में राज्य में तीन अलग-अलग सड़क हादसों में 90 गायों की मौत हो गई थी। इसके बाद सरकार ने गौवंश की बेहतर देखभाल और सुरक्षा के उद्देश्य से इस योजना को लागू करने का निर्णय लिया।








