रायपुर, 14 अगस्त 2025: छत्तीसगढ़ के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने #HarGharTiranga अभियान के तहत अपने शासकीय निवास, रायपुर में मेन गेट पर तिरंगा ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज देश को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊँचाइयों तक ले जाने वाला एक सशक्त जन-आंदोलन बन चुका है।
मंत्री देवांगन ने तिरंगे को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का प्रतीक बताते हुए कहा, “यह तिरंगा हमें उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के तप और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें स्वतंत्र भारत का उपहार दिया।” उन्होंने आगे कहा कि आज 140 करोड़ देशवासी एक विकसित, समृद्ध और विश्व में सर्वश्रेष्ठ भारत के सपने को साकार करने के लिए संकल्पबद्ध हैं।








