रामपुर शराब दुकान में सेंधमारी, चोर बोतलें ले उड़े – कैश सुरक्षित

कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर स्थित सरकारी देसी एवं विदेशी शराब दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर हजारों रुपए की शराब चुरा ली। चोर दुकान की पिछली दीवार में बड़ा छेद कर अंदर घुसे और देसी शराब व बीयर की बोतलें लेकर फरार हो गए। गनीमत रही कि दुकान में रखा नगदी कैश सुरक्षित रहा।

घटना का खुलासा तब हुआ जब 16 अगस्त की सुबह दुकान खोलने पहुंचे कर्मचारियों ने अंदर का नजारा देखा। दीवार में सेंधमारी कर चोरी किए जाने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तुरंत पुलिस और आबकारी विभाग को सूचना दी।

सेल्समेन सूरज साहू ने बताया कि 14 अगस्त की रात 10 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे। 15 अगस्त को शासन के निर्देश पर दुकान बंद थी। वहीं, 16 अगस्त की सुबह दुकान खोली गई तो चोरी का पता चला। वर्तमान में यह आंकलन किया जा रहा है कि कितनी पेटियां शराब की चोरी हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।