स्वामी आत्मानंद स्कूलों में शिक्षकों की कमी को लेकर विधायक तुलेश्वर मरकाम ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव से की मुलाकात, तत्काल पदस्थापना की मांग

कोरबा। कोरबा जिले के पाली तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की कमी और अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री अरुण साव से सौजन्य मुलाकात की। विधायक मरकाम ने इस गंभीर मुद्दे पर उप मुख्यमंत्री को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

पत्र में विधायक ने बताया कि पाली और पोड़ी उपरोड़ा में संचालित स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की पदस्थापना नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। इस कमी के चलते 13 अगस्त 2025 को पसान में छात्रों और पालकों ने चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जो स्थिति की गंभीरता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि बच्चों और उनके पालकों को शिक्षा व्यवस्था के लिए सड़कों पर उतरना पड़ रहा है, जिसके लिए प्रशासन पूरी तरह जिम्मेदार है। मरकाम ने प्रशासन पर शासकीय संस्थाओं के संचालन में उदासीनता बरतने का आरोप लगाया।

उन्होंने उप मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, जहां बच्चे अपनी पढ़ाई छोड़कर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन करें। इसके लिए पाली और पोड़ी उपरोड़ा के सभी स्वामी आत्मानंद स्कूलों में आवश्यकता के अनुसार विषय विशेषज्ञ शिक्षकों की तत्काल पदस्थापना की जाए। साथ ही, जिन स्कूलों का निर्माण या जीर्णोद्धार कार्य प्रशासन की लापरवाही के कारण अधूरा है, उसे तत्काल पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

यह मुलाकात और पत्र कोरबा जिले के शिक्षा व्यवस्था में सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।