कोरबा। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नकटीखार गांव से लगे जंगल में मंगलवार देर शाम एक अज्ञात युवक का संदिग्ध शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव की खोजबीन के बाद सिविल लाइन पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया है, और पुलिस हत्या के एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है।
पिकनिक मनाने आए लोगों ने दी सूचना
जानकारी के अनुसार, पिकनिक मनाने आए कुछ लोगों ने जंगल में 30 से 35 वर्ष की आयु के एक युवक का शव देखा। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। शव की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। सिविल लाइन थाना प्रभारी प्रमोद डिक्ससेना ने बताया कि शव की स्थिति को देखते हुए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया है, ताकि मौत के कारणों का सटीक पता लगाया जा सके।
मृतक की पहचान के लिए प्रयास तेज
पुलिस ने मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के ग्रामीणों और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से जानकारी प्रसारित करना शुरू कर दिया है। इसके अलावा, कोटवारों के जरिए मुनादी भी कराई जा रही है ताकि जल्द से जल्द मृतक की पहचान हो सके। थाना प्रभारी ने बताया कि पहचान होने के बाद ही मामले की गुत्थी सुलझने की उम्मीद है।
हत्या की आशंका से भी जांच
पुलिस इस मामले को हत्या के दृष्टिकोण से भी जांच रही है। फोरेंसिक जांच के नतीजों के आधार पर मौत के कारणों का खुलासा होने की संभावना है। पुलिस की प्राथमिकता फिलहाल मृतक की पहचान करना है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।








